मुख्य सामग्री पर जाएं
Monday, 30 November 2026 • नई दिल्ली • राष्ट्रीय संस्करणRNI: DELHIN/2023/86499 | खबर खोजें
परिवहनविशेष

देश का ट्रांसपोर्ट दैनिक समाचार पत्र

बड़ी खबर
दस साल से सड़क निर्माण की राह देख रहा फुलवरिया वार्ड नम्बर तीन, बदहाल रास्ते से बीस सैन्य परिवार परेशान, नगर निगम ने छह माह में सीवरेज समस्या दूर करने का दिया आश्वासनवाराणसी मे नमो घाट पर आयोजित ‘काशी तमिल संगमम् 5.0’ में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा लगाई गई मल्टीमीडिया प्रदर्शनी बना आकर्षण का केंद्ररोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में यूरोलॉजिकल समस्याओं, प्रोस्टेट एवं किडनी स्टोन पर डॉ.संजय गर्ग ने दी महत्वपूर्ण जानकारीदिल्ली के लाखों लोगों को बड़ी राहत, PM-UDAY में 75% तक छूट को MCD की मंजूरीसरायकेला: जगन्नाथपुर के प्रसिद्ध वैद्य कविराज कुंवर प्रधान का 75 वर्ष की उम्र में निधन, क्षेत्र में शोक की लहररामगढ़ में NH-33 पर भीषण सड़क हादसा: रजरप्पा मंदिर जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत, 4 बच्चे शामिल, पीएम ने की 2-2 लाख की सहायता की घोषणापश्चिमी सिंहभूम में मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज: 4 उत्कृष्ट विद्यालयों के 416 में से 401 विद्यार्थियों ने दी बोर्ड जैसी परीक्षा, डीसी मनीष कुमार की पहलराष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ ने आयोजित किया राष्ट्रीय अभिनंदन समारोह, उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को किया सम्मानित
सभी खबरें ›
स्वास्थ्य

सर्दियों में फटे होंठों का घरेलू उपचार – शहनाज़ हुसैन

27 November 2026, 9:45 pm7 मिनट पढ़ें

सर्दियों में होंठों की नमी कहीं खो सी जाती है। सर्दियों के मौसम ने दस्तक दे दी है और जिसकी वजह से होंठों में जलन, घाव, चुभन आदि की समस्या आम समय के मुकाबले कहीं ज्यादा बढ़ रही है। फटे होंठ जहां चेहरे पर बदसूरती का अहसास कराते हैं, वहीं दूसरी ओर शारीरिक पीड़ा का कारण बनते हैं। शरीर के बाकी हिस्सों के मुकाबले हम होंठों की त्वचा को ज्यादातर खुला छोड़ देते हैं और ऐसे में होंठ हमेशा मौसम की मार सबसे ज्यादा झेलते हैं। दरअसल होंठों की त्वचा चेहरे की त्वचा से ज्यादा पतली और कोमल ब नाज़ुक होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि हमारे होंठों की त्वचा चेहरे की त्वचा से दस गुणा तेजी से शुष्क होती है। होंठों की त्वचा में शरीर के बाकी हिस्सों के मुकाबले तैलीय ग्रंथियां भी विद्यमान नहीं होतीं। हमारे चेहरे की त्वचा में सोलह जीवकोशीय परतें विद्यमान होती हैं जबकि हमारे होंठों में औसतन तीन से पांच जीवकोशीय परतें विद्यमान होती हैं जिसकी वजह से होंठों पर मौसम की सबसे ज्यादा मार पड़ती है। हालाँकि होंठों के फटने की समस्या साल भर देखने में आती है लेकिन सर्दियों के मौसम में बर्फीली हवाओं के अलावा घर में हीटर , गर्म उपकरणों , सेंट्रल हीटिंग आदि की वजह से वातावरण में नमी में कमी आने की वजह से कहीं ज्यादा गंभीर हो जाती है तथा इस मौसम में होंठों का फटना आम हो जाता है। मौसम के अलावा अगर आप जीवन शैली जैसे शुगर , ब्लड प्रेशर ,आदि रोगों से पीड़ित हैं तो भी होंठों के फटने की समस्या से दो चार हो सकते हैं। लेकिन सवाल यह है कि सर्दियों में इस समस्या से कैसे निपटा जाये। अगर आप गम्भीर समस्या से जूझ रहे हैं तो किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें अन्यथा आप घरेलू उपचार मात्र से ही फटे होंठों की समस्या पर आसानी से काबू पा सकते हैं। –

मौसम कोई भी हो , होंठों को मुलायम और कोमल बनाये रखने के लिए आप दिन में आठ से दस गिलास शुद्ध ताजा पानी पियें ताकि शरीर की नमी बरकरार रखी जा सके जिससे होंठों के फटने की समस्या से प्राकृतिक तौर पर निपटा जा सके। रात को सोने से पहले होंठों पर शुद्ध आर्गेनिक शहद लगा कर सुबह ताजे सामान्य पानी से धो डालें। गुलाब जल और ग्लिसरीन को बराबर मात्रा में मिलाकर बने मिश्रण को रात को होंठों पर लगा कर सुबह पानी से धो डालें। इससे होंठ कोमल और मुलायम बने रहेंगे। सर्दियों में फटे होंठों को रोकने के लिए होंठों को नियमित रूप से स्क्रब करना बहुत जरूरी माना जाता है क्योंकि होंठों की मृत कोशिकाओं को भी फटे होंठो का कारण माना जाता है। इसके लिए शहद और चीनी का स्क्रब उपयोग करें। गाय का घी गर्म करके इसे ऊँगली पर लगा कर होंठों की हल्की हल्की मसाज कीजिये। इससे होंठों पर रक्त संचार बढ़ेगा और आप के होंठ गुलाबी , मुलायम बनेंगे। सुबह नहाने के बाद और

रात को सोने से पहले नाभि पर सरसों का तेल लगाने से फटे होंठों की समस्या से राहत मिलेगी। गुलाब की पत्तियां पीसकर उसमें मलाई मिलाकर होंठों पर लगाने से होंठ नर्म और गुलाबी बन जायेंगे

सौंदर्य विशेषज्ञों का मानना है कि नारियल तेल, ऑर्गन तेल पर आधारित होठों के बाम, तथा लिपस्टिक के प्रयोग से होठों को फटने से बचाया जा सकता है। यह ध्यान रखें कि ऑइंटमेंट आधारित लिप बाम का प्रयोग करें जिसमे ग्लिसरीन ,पेट्रोलियम जेली ,सुगन्धित तेल शामिल हों ताकि मॉइस्चर को रोका जा सके। हमेशा कपूर , यूकेलिप्टस या मेंथोल आधारित लिप बाम से परहेज करें क्योंकि इससे आपके होंठ ज्यादा शुष्क हो सकते हैं। इस मौसम में होंठों पर प्राकृतिक रंग , डाई या मोम से पालिश सौन्दर्य उत्पादों से परहेज करें अन्यथा आपको एलर्जी या जलन महसूस हो सकती है। अपने होठों पर साबुन या पाउडर के प्रयोग से परहेज कीजिए तथा होठों पर विटामिन ई युक्त लिप बाम का उपयोग कीजिए। होठों पर बादाम तेल या क्रीम लगाकर इसे रात्रि में लगा रहने दें। लिपस्टिक क्लीजिंग क्रीम या जैल से हटाइए। सर्दियों में अपने होठों को जीभ से कतई मत चाटिए। इससे होठों में शुष्कता आने से फटने की संभावनाएं बढ़ जाती है। सर्दियों में होंठों को हम बार बार चाटते हैं जिसकी वजह से होंठों की नमी खत्म हो जाती है। जब भी आप होंठों पर सलाइवा लगाते हैं तो यह आपके होंठों की नमी खत्म कर देता है। होठों की कद्र करने से होठों की सुन्दरता बढ़ती है। सर्दियों में चेहरे को धोने के बाद होठों को मुलायम तौलिये से हल्के से पौंछना चाहिए ताकि मृत कोशिकाओं को हटाया जा सके। रात्रि को आप प्रतिदिन एक घंटा तक होठों पर मलाई लगा कर रख सकते है तथा यदि इससे होठों का रंग काला पड़ जाता है तो मलाई में नीबूं जूस की कुछ बूंदें शामिल कर लीजिए। रात्रि में शुद्ध बादाम तेल तथा ऑर्गन तेल होठों की त्वचा को पौष्टिकता प्रदान करने में अहम भूमिका अदा करते है। ऑर्गन आयल को मुख्यतः खाद्य तेल तथा त्वचा एवं खोपड़ी की समस्या से जूझने के लिए उपयोग किया जाता रहा है। आर्गन आयल अनसैचुरेटेड फैटी एसिड से भरपूर होता है तथा इससे मॉइस्चराइजिंग क्रीम, लोशन, फेस पैक तथा हेयर ऑयल जैसे सौन्दर्य प्रसाधनों में प्रयोग किया जाता है। यह त्वचा की लचकीलेपन जैसे गुणों को बनाए रखकर त्वचा में नवयौवन का संचार करके बुढ़ापे के लक्षणों को रोकता है। इससे त्वचा में शीघ्रता से समा जाने के गुणों से यह होठों के लिए अति उत्तम माना जाता है। आर्गन आयल की बूंदों को आप सीधे होठों पर मालिश कर सकते है। नारियल तेल को पोषक तथा नमी बनाए रखने के गुणों से भरपूर माना जाता है। यह त्वचा को मुलायम तथा कोमल बनाता है। इसे होठों पर लगाने से सूर्य की अल्ट्रा वायलेट किरणों के नुकसान को रोका जा सकता है तथा यह त्वचा की क्रीम से बेहतर सुरक्षा कवच प्रदान करता है।

नारियल तेल को त्वचा मुख्यतः चेहरे के मेकअप को हटाने में प्रयोग किया जा सकता है। नारियल तेल को सौंदर्य प्रसाधन तथा खाद्य तेल दोनों प्रकार से पूरी तरह सुरक्षित रूप से प्रयोग किया जा सकता है, क्योंकि अन्य सौंदर्य प्रसाधनों के मुकाबले इसमें कोई भी सिंथेटिक संघटक विद्यमान नहीं होते तथा अन्य तेलों की अपेक्षा नारियल तेल से कभी दुर्गन्ध भी नहीं आती, नारियल तेल तथा ऑर्गन तेल आधारित होंठ बाम तथा होंठ क्रीम सर्दियों में होठों के सौंदर्य में प्रयोग की जा सकती है।

सर्दी के मौसम में नमी की कमी के अलावा शरीर में पोषाहार तत्वों की कमी की वजह से भी होंठ फट जाते है। शरीर में विटामिन-ए, सी तथा बी-2 की कमी से कई बार होठों में दरारें आ जाती है तथा खून बहना शुरू हो जाता है। सर्दियों में अगर आपके होंठ लगातार फट रहे है तथा सामान्य घरेलू उपचारों द्वारा राहत नहीं मिल रही है तो आप बाहरी सौन्दर्य प्रसाधनों के बजाय अपने खान-पान पर ज्यादा ध्यान दीजिए। आप खट्टे फल, पका पपीता, टमाटर, हरी पत्तों वाली सब्जियां, गाजर, जई तथा दूध वाले पदार्थो को जरूर शामिल कीजिए, लेकिन यदि आप डायबिटीज या उच्च रक्तचाप की समस्या से भी जूझ रहे हैं तो अपने डाईट में बदलाव से पहले डॉक्टर से जरूर सलाह-मशविरा कर लीजिए।

लेखिका अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ है तथा हर्बल क्वीन के नाम से जानी जाती है।

खबर शेयर करेंWhatsAppX / Twitter
परिवहन विशेष समाचार पत्र

सड़क, परिवहन, सरकार, नागरिक अधिकार और देश से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें।