सरायकेला, 29 नवंबर। सरायकेला प्रखंड अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव निवासी क्षेत्र प्रसिद्घ बैद्य कविराज कुंवर प्रधान का रविवार अहले सुबह निधन हो गया. वैद्य 75 वर्षीय कुंवर प्रधान के निधन की खबर मिलते ही जगन्नाथपुर,महालिमोरूप समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ मिली. इसके पश्चात परिजनों व सगे-संबंधियों के साथ सैकड़ो ग्रामीणों ने उनका अंतिम दर्शन कर शोक श्रद्धांजलि प्रकट की. वे अपने पीछे पुत्र पुत्री समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए.
जानकारी हो, वैद्य /कविराज कुंवर प्रधान अपने निजी औषधालय के माध्यम से लंबे समय से नवजात शिशुओं से लेकर बड़े-बड़े रोगियों तक की देखभाल व चिकित्सा किया करते थे. वे बेहद सुलभ एवं कम खर्च में लोगों को चिकित्सा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे. उनके निधन की खबर सुनकर क्षेत्र के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया. ग्रामीणों एवं उनके चाहने वालों के बीच उनके द्वारा दी गई चिकित्सा सेवाओं और अनुभवों की चर्चा होती रही. विशेषकर शिशुओं एवं महिलाओं के लिए उनके द्वारा तैयार की जाने वाली दवाइयों को लेकर लोगों ने अपने अनुभव साझा किए.
ग्रामीणों का कहना है कि कविराज कुंवर प्रधान का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका जाना केवल एक व्यक्ति का निधन नहीं बल्कि क्षेत्र की एक पुरानी परंपरा और अनुभव का अंत है. उनकी सेवाओं को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे. रविवार दोपहर स्थानीय जगन्नाथपुर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.




