रांची, 29 नवंबर। राज्य का एक अत्यंत पिछड़ा, कुपोषित अपितु खनीज के मामले धनी जिला पश्चिमी सिंहभूम में आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज के अंतर्गत जिले के चार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए प्रथम चरण की परीक्षा का आयोजन आज डीएवी पब्लिक स्कूल-चाईबासा में किया गया। इस परीक्षा में कक्षा 10वीं के साथ-साथ कक्षा 12वीं के कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के लिए कुल 416 विद्यार्थियों का पंजीकरण किया गया था, जिनमें से 401 विद्यार्थी उपस्थित हुए, जबकि 15 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार लगभग 96.39 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ परीक्षा का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे और निर्धारित परीक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा से पहले वास्तविक परीक्षा वातावरण का अनुभव कराना है। इसके तहत विद्यार्थियों को निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं का पालन करने, समय प्रबंधन के साथ प्रश्नों को हल करने तथा परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है। डीएवी पब्लिक स्कूल- चाईबासा में परीक्षा का आयोजन कर विद्यार्थियों को एक नए परीक्षा केंद्र और वास्तविक परीक्षा व्यवस्था से परिचित होने का अवसर दिया गया। इससे परीक्षा केंद्र, बैठने की व्यवस्था और नए वातावरण को लेकर मन में उत्पन्न होने वाली स्वाभाविक झिझक एवं मनोवैज्ञानिक दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी। लगातार ऐसे अभ्यास से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगामी बोर्ड परीक्षा में अधिक सहजता एवं एकाग्रता के साथ शामिल हो सकेंगे।
इस मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज की एक विशेष पहल यह रही कि परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र के सभी प्रश्नों के उत्तर सहित छाया प्रति उपलब्ध कराई गई। इसके माध्यम से विद्यार्थी घर जाकर अपने द्वारा दिए गए उत्तरों का सही उत्तरों से मिलान कर सकेंगे तथा स्वयं अपनी तैयारी का आकलन कर पाएंगे। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों की जानकारी ही नहीं मिलेगी, बल्कि वे यह भी समझ सकेंगे कि किन प्रश्नों का उत्तर सही दिया गया, किन प्रश्नों में त्रुटि हुई और किन विषयों एवं अध्यायों पर उन्हें अतिरिक्त मेहनत करने की आवश्यकता है। इससे विद्यार्थियों में स्वाध्याय एवं आत्म-मूल्यांकन की प्रवृत्ति विकसित होगी।
परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों की मूल उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आगामी दिन जिला स्कूल- चाईबासा में किया जाएगा। मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद उसी दिन शाम तक विद्यार्थियों का परिणाम जारी करने की तैयारी है। परिणाम के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी के शैक्षणिक प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा तथा विषयवार उनकी उपलब्धियों एवं कमियों को चिह्नित किया जाएगा।
उपायुक्त मनीष कुमार की परिकल्पना के अनुरूप मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज को केवल परीक्षा आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित आकलन करने और बोर्ड परीक्षा से पूर्व उनकी तैयारी को मजबूत बनाने के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमजोर विषयों एवं संबंधित अध्यायों की पहचान की जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा उनकी कमियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस प्रक्रिया से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पहले अपनी तैयारी में सुधार करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।
उपायुक्त मनीष कुमार की निगरानी में शिक्षा विभाग की पूरी टीम द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर समन्वित प्रयास किया गया। परीक्षा केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ विद्यार्थियों को अनुकूल एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया गया, ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन के साथ बोर्ड परीक्षा की व्यवस्थित तैयारी का अवसर मिले। नियमित टेस्ट, परिणामों का विश्लेषण, आत्म-मूल्यांकन और कमजोरियों में सुधार की प्रक्रिया से विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक सफलता केवल परीक्षा के दिनों में की गई तैयारी पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इसके लिए नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर आत्म-मूल्यांकन आवश्यक है। मुख्यमंत्री टेस्ट सीरीज का उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पहले वास्तविक परीक्षा का अनुभव देना तथा उनकी तैयारी का समय रहते आकलन करना है। इससे विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक मार्गदर्शन मिले, ताकि वे अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सकें। विद्यार्थियों को परीक्षा से घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने, नियमित अध्ययन करने और अपनी गलतियों से सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग की टीम को इस पहल के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया।




