लेखक: मनोहर मंजुल, वरिष्ठ राष्ट्रवादी विचारक, पिपलिया बुजुर्ग (महेश्वर), मध्यप्रदेश
संविधान और सामाजिक व्यवस्था में न्याय और समावेशी शासन प्रणाली होनी चाहिए। किंतु जब कोई सरकार तुष्टीकरण की नीति में लगभग पूरी तरह धृतराष्ट्र होकर कोई निर्णय लेती है, तब यह न केवल संविधान विरोधी, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के मूलभूत सिद्धांत के भी विरुद्ध है। दुर्भाग्य यह है कि जो लोग अपनी दिनचर्या के 24 घंटे में से 20 घंटे केवल संविधान की दुहाई देने में लगाते हैं, वे भी इस संविधान विरोधी मानसिकता का विरोध तक नहीं कर पाते। तमिलनाडु सरकार ने दीप प्रज्वलन के मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की भी अवहेलना की, जो संविधान विरोधी कृत्य है। तमिलनाडु की एक पहाड़ी पर पर्व विशेष पर दीप प्रज्वलित किए जाते हैं, किंतु राज्य सरकार ने इससे इनकार कर दिया। राज्य के हिंदू समुदाय ने उच्च न्यायालय में दीप प्रज्वलन की मांग को लेकर याचिका दाखिल की, जिसे स्वीकार कर दीप प्रज्वलन की अनुमति दी गई। यहां यह उल्लेख भी प्रासंगिक है कि जैसे ही उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ने यह निर्णय दिया, तब लोकसभा के विपक्षी सांसदों ने न्यायाधीश के विरुद्ध महाभियोग लाने का विषय बना दिया। इस महाभियोग में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस तथा सारे वामपंथी दल सम्मिलित हुए। तमिलनाडु सरकार ने हाई कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में अपील की और मांग की कि दीप प्रज्वलन की अनुमति से इनकार किया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई कर हाई कोर्ट के निर्णय को यथावत रखा एवं हिंदू समुदाय को दीप प्रज्वलन की अनुमति दी। इस अनुमति के बावजूद तमिलनाडु सरकार ने इस पर रोक लगाई, न्यायालय की अवमानना की गई। यहां मूल प्रश्न यह है कि क्या धर्मनिरपेक्षता का आशय केवल हिंदू धर्म, सनातन धर्म का विरोध है? क्या हिंदुओं की एक परंपरा को जारी रखने के लिए न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी? क्या हिंदू अपने ही देश में अपनी परंपरा को जारी रखने में स्वतंत्र नहीं है? और अगर ऐसा है, तो यह देश के लिए दुर्भाग्यजनक है। उल्लेखनीय है कि हिंदू परंपराओं पर प्रहार करना धर्मनिरपेक्षता और तथाकथित बुद्धिजीवियों की तथाकथित प्रगतिशील मानसिकता बन गई है। अभी हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर मोदी विजयी होते हैं तो देश में सनातन मजबूत होगा। यहां प्रश्न यह है कि क्या पूरी कांग्रेस को सनातन से कष्ट है? कांग्रेस और तथाकथित धर्मनिरपेक्ष जितनी शक्ति से सनातन, हिंदुत्व और हिंदू के विरुद्ध जहर उगलते हैं, यदि वे अपनी इस शक्ति का उपयोग आतंकवाद और जिहादी मानसिकता के विरुद्ध करें तो कितना अच्छा हो। आतंकवादियों की फांसी रोकने के लिए जब आधी रात को कोर्ट खुलवाई जाती है और इस अभियान में कांग्रेस भी सम्मिलित होती है, तो यह कैसे मान लिया जाए कि कांग्रेस आतंकवाद की विरोधी है। हिंदू धर्म को डेंगू वायरस, मलेरिया एवं एड्स कहने वालों के साथ जब कांग्रेस खड़ी होती है, तब यह कहने में कोई संकोच नहीं कि उसे सनातन, हिंदू एवं हिंदुत्व के प्रति दुर्भावना है। और जब देश की जनता इस मानसिकता को देखते हुए इन्हें सत्ता से दूर रखती है, तो वोट चोरी का झूठा प्रोपेगेंडा कर देश की जनता को प्रभावित करते हैं। यहां यक्ष प्रश्न यह है कि क्या देश की बहुसंख्यक जनता की भावनाओं का अपमान करना ही धर्मनिरपेक्षता और प्रगतिशीलता है? इन सब प्रश्नों पर जब तक कांग्रेस और विपक्ष आत्म-विश्लेषण नहीं करते, तब तक वे अंधकार में ही रहेंगे। जनता उन पर विश्वास नहीं करेगी।



