मुख्य सामग्री पर जाएं
Sunday, 29 November 2026 • नई दिल्ली • राष्ट्रीय संस्करणRNI: DELHIN/2023/86499 | खबर खोजें
परिवहनविशेष

देश का ट्रांसपोर्ट दैनिक समाचार पत्र

बड़ी खबर
आदित्यपुर के उद्योगों को भी देना होगा होल्डिंग टैक्स: नगर निगम ने 70 उद्योगों को भेजा नोटिस, न चुकाने पर कटेगा पानी का कनेक्शनदिल्ली परिवहन विभाग में 6 बड़े उल्लंघन – फाइलों में सबूत कैद, जमीन पर कार्रवाई शून्यपीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा निरस्त होने पर युवाओं ने उठाई आवाज, एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापनवाराणसी मे नमो घाट पर 28 नवम्बर से शुरू हुए ‘काशी तमिल संगमम् 5.0’ में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का आयोजनदैतारी-चंडीखोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर लागू होगा IEMS, 1 दिसंबर से जारी होंगे ऑटोमेटिक ई-चालानबिना वैज्ञानिक जानकारी के चीनी और सोडियम का सेवन बंद करना या अत्यधिक कम करना भी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।रक्त में सोडियम की कमी (Hyponatremia): मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र और मांसपेशियों के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौतीकम सोडियम वाला नमक (Low-Sodium Salt): बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल।
सभी खबरें ›
संपादकीय

रोटी की जमीन छीनकर रोशनी बाँटने का कैसा संकल्प: बांका की भितिया में प्रस्तावित परमाणु संयंत्र पर प्रो. आरके जैन का आलेख

28 November 2026, 1:46 am7 मिनट पढ़ें
बांका परमाणु संयंत्र - रोटी की जमीन छीनकर रोशनी बाँटने का कैसा संकल्प: बांका की भितिया में प्रस्तावित प
सांकेतिक तस्वीर

अन्न की कीमत पर ऊर्जा का यह कैसा महोत्सव? खेत उजाड़कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता का आखिर कैसा विकास?

जब विकास का जुलूस खेतों से होकर गुजरता है, तो सबसे पहले फसलें सहम जाती हैं और किसानों के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगते हैं। बांका की भितिया की उपजाऊ जमीन पर आज यही स्थिति दिखाई दे रही है। एक ओर सत्तर हजार करोड़ रुपये का एमओयू, अट्ठाईस सौ मेगावाट बिजली उत्पादन का वायदा और बिहार को ऊर्जा-समृद्ध बनाने का दावा है, तो दूसरी ओर वे खेत हैं, जिनकी मिट्टी ने पीढ़ियों से धान और गेहूँ उगाकर परिवारों का जीवन सँवारा है। अब उन्हीं खेतों पर परमाणु रिएक्टर की छाया पड़ने की आशंका है। यह विवाद केवल जमीन अधिग्रहण का नहीं, बल्कि विकास की उस अवधारणा पर सवाल है, जिसमें स्वच्छ ऊर्जा के नाम पर उपजाऊ कृषि भूमि और पर्यावरण की कीमत नजरअंदाज की जा रही है।

सरकार का तर्क है कि बिहार को बिजली, उद्योग और रोजगार के नए अवसर चाहिए। इस आवश्यकता से इनकार नहीं किया जा सकता। दशकों से ऊर्जा की कमी और औद्योगिक पिछड़ेपन से जूझते राज्य को विकास की नई राह चाहिए। लेकिन क्या इसकी पूर्ति का एकमात्र रास्ता उपजाऊ कृषि भूमि पर परमाणु संयंत्र स्थापित करना है? भितिया की जमीन केवल मिट्टी का भूखंड नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। प्रस्तावित संयंत्र की सालाना सोलह करोड़ घन मीटर पानी की जरूरत गंभीर चिंता पैदा करती है। आसपास के कुओं, नहरों और सिंचाई पर इसका क्या असर पड़ेगा? चांदन जलाशय की क्षमता 157 एमसीएम से घटकर करीब 56 एमसीएम रह गई है। ऐसे में जल उपलब्धता के सरकारी दावों और वास्तविक परिस्थितियों के बीच अंतर पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कुल 160 एमसीएम पानी चांदन और बदुआ जलाशयों से (80-80 एमसीएम) लिया जाना प्रस्तावित है। कमी की स्थिति में गंगा से पाइपलाइन के जरिए पूरक आपूर्ति की शर्त भी जुड़ी है। फिर भी आधिकारिक आकलनों में पानी की उपलब्धता पर्याप्त बताई जा रही है, जबकि जलाशयों की वास्तविक क्षमता और मौसमी निर्भरता पर सवाल बने हुए हैं। जब धरातल पर जलसंकट मौजूद है, तब आंकड़ों के भरोसे इतनी बड़ी परियोजना का भविष्य कैसे सुरक्षित माना जा सकता है? पटना की सड़कों पर किसान और मजदूर जब विरोध मार्च निकालते हैं, तो उनकी आवाज केवल मुआवजे तक सीमित नहीं होती। उनके प्रतिरोध में जमीन, आजीविका, अस्तित्व और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की चिंता समाहित है। उनका सवाल है—क्या हमारी रोटी की कीमत बिजली के बिल से भी कम आँकी जाएगी?

संयुक्त किसान मोर्चा की अठारह सूत्रीय मांगों में सबसे प्रमुख मांग उपजाऊ कृषि भूमि पर प्रस्तावित परमाणु संयंत्र रद्द करने की है। लोकतंत्र में जनभावनाओं की सुनवाई तभी सार्थक है, जब सत्ता उन्हें विरोध का शोर मानकर खारिज न करे। मुआवजे और पुनर्वास के आश्वासन बड़ी परियोजनाओं के साथ अक्सर दिए जाते हैं, लेकिन विस्थापन की पीड़ा किसी आर्थिक पैकेज से नहीं भर सकती। जमीन छूटने पर किसान केवल संपत्ति नहीं खोता, बल्कि अपनी पहचान, सामाजिक जड़ें और पीढ़ियों से जुड़ा जीवन भी खो देता है। विस्थापित व्यक्ति न पूरी तरह शहर का हो पाता है, न अपने उजड़े गाँव का रह जाता है। यही वजह है कि किसानों की चिंता को केवल मुआवजे की मांग मानना उनके संघर्ष और भविष्य के सवालों को सीमित कर देना होगा।

परमाणु ऊर्जा को स्वच्छ ऊर्जा के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। कार्बन उत्सर्जन अपेक्षाकृत कम होना इसकी बड़ी विशेषता है, लेकिन स्वच्छता का मूल्यांकन केवल धुएँ और कार्बन उत्सर्जन से नहीं किया जा सकता। रेडिएशन का संभावित खतरा, परमाणु अपशिष्ट का सुरक्षित निपटान और दुर्घटना की आशंका भी गंभीर कसौटियाँ हैं। फुकुशिमा और चेर्नोबिल जैसी त्रासदियाँ बताती हैं कि परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा केवल तकनीकी दस्तावेजों और वैज्ञानिक दावों तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध आसपास के गांवों, परिवारों और आबादी से है। इसलिए स्थानीय लोगों की सुरक्षा, पर्यावरणीय प्रभाव और दीर्घकालिक जोखिमों का निष्पक्ष आकलन किसी भी निर्णय से पहले अनिवार्य होना चाहिए। विकास के नाम पर इन आशंकाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

इस विवाद का दूसरा पहलू भी महत्वपूर्ण है। बिहार को उद्योगों की जरूरत है। बिजली की कमी औद्योगिक विकास की राह में बाधा रही है और रोजगार के पर्याप्त अवसर न मिलने से युवाओं को दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है। इस दृष्टि से परमाणु ऊर्जा परियोजना राज्य के लिए संभावनाओं का नया द्वार खोल सकती है। लेकिन सवाल है कि विकास की यह इमारत किसकी जमीन और किसके भविष्य की कीमत पर खड़ी की जा रही है? यदि विकास का पैमाना निवेश, एमओयू और मेगावाट उत्पादन तक सिमट जाए, तो उसकी सामाजिक उपयोगिता अधूरी रहेगी। वास्तविक विकास वही है, जिसमें संसाधनों का संरक्षण हो, आजीविका सुरक्षित रहे और प्रगति का लाभ प्रभावित लोगों तक भी पहुँचे। बांका में बिजली उत्पादन और उपजाऊ जमीन के संरक्षण के बीच संतुलित विकल्प तलाशे जा सकते थे।

देश में परमाणु ऊर्जा का विस्तार राष्ट्रीय ऊर्जा जरूरतों से जुड़ा विषय है। लेकिन राष्ट्रीय आवश्यकता का अर्थ यह नहीं कि हर राज्य में संवेदनशील और उपजाऊ इलाकों को ही परियोजनाओं के लिए चुना जाए। बिहार पहले से बाढ़, सूखे और जलसंकट जैसी परिस्थितियों से जूझता रहा है। यहाँ पानी की उपलब्धता हमेशा चुनौती रही है। ऐसे में अत्यधिक जल उपभोग करने वाले संयंत्र की स्थापना पर्यावरणीय न्याय और संसाधनों के समान वितरण से जुड़े सवाल खड़े करती है। जनहित तभी पूरा होगा, जब राज्य को पर्याप्त बिजली मिले, खेतों की उर्वरता सुरक्षित रहे, रोजगार बढ़ें और स्थानीय आबादी को विस्थापन की विवशता न झेलनी पड़े। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की राह खाद्य सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन को कमजोर करके नहीं बनाई जा सकती। विकास की प्राथमिकताओं में इन दोनों का संरक्षण भी समान रूप से जरूरी है।

अब समय है कि सरकार परियोजना पर पूर्वनिर्धारित निर्णय की तरह आगे बढ़ने के बजाय नए सिरे से गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार करे। ऐसे वैकल्पिक स्थलों की तलाश हो, जहाँ उपजाऊ कृषि भूमि पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। जल स्रोतों और उपलब्धता का स्वतंत्र, पारदर्शी तथा वैज्ञानिक आकलन कराया जाए। पर्यावरणीय सुरक्षा और स्थानीय आबादी पर दीर्घकालिक प्रभावों की निष्पक्ष समीक्षा हो। सबसे महत्वपूर्ण यह कि किसानों और प्रभावित ग्रामीणों से वास्तविक संवाद स्थापित किया जाए। उनकी जायज चिंताओं और सुझावों को निर्णय प्रक्रिया में स्थान मिले। किसान आंदोलन को भी विरोध तक सीमित रहने के बजाय समाधान की दिशा में पहल करनी होगी। बांका की भितिया का विवाद केवल एक परियोजना का सवाल नहीं, बल्कि देश की विकास-दृष्टि की परीक्षा है। सत्तर हजार करोड़ का निवेश और अट्ठाईस सौ मेगावाट बिजली बड़े आंकड़े हैं, लेकिन उनसे बड़ा मूल्य उस मिट्टी का है, जो अन्न उपजाती है। विकास वह नहीं जो खेत उजाड़कर रोशनी पैदा करे, बल्कि वह है जो धरती की उर्वरता, किसानों का सम्मान और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रखे।

लेखक: प्रो. आरके जैन “अरिजीत”, शिक्षाविद, बड़वानी (मप्र)

खबर शेयर करेंWhatsAppX / Twitter
परिवहन विशेष समाचार पत्र

सड़क, परिवहन, सरकार, नागरिक अधिकार और देश से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें।