कार्तिक कुमार परिच्छा, स्टेट हेड झारखंड
रांची: झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने संशोधन कानून को राज्यों के खनिज अधिकारों और संघीय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जिसका इस्तेमाल सिर्फ खनिज संसाधनों के दोहन के लिए किया जाए. देश की समृद्धि का रास्ता झारखंड की गरीबी से होकर नहीं गुजरना चाहिए.
सदन में चर्चा के दौरान कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जिस धरती से देश की समृद्धि निकलती है, उस धरती पर रहने वाले लोगों का उस समृद्धि में कितना अधिकार है? क्या भारत की संघीय व्यवस्था में एक गरीब, आदिवासी बहुल और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य को अपने विकास के लिए संसाधन जुटाने का अधिकार भी केंद्र सरकार की इच्छा पर निर्भर करेगा?
विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि राज्यों को खनिज युक्त भूमि पर कर लगाने का अधिकार है. इसी फैसले के आलोक में झारखंड सरकार ने खनिजयुक्त भूमि उपकर से संबंधित कानून बनाया था. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों के इस अधिकार को मान्यता दी, तो केंद्र सरकार अब उसी शक्ति को सीमित करने वाली व्यवस्था क्यों लेकर आई है? उन्होंने कहा कि यह केवल राजस्व का मामला नहीं है, बल्कि राज्यों के संवैधानिक अधिकार और देश की संघीय व्यवस्था की मजबूती से जुड़ा सवाल है
झामुमो विधायक ने कहा कि खनन का सबसे अधिक असर उस जमीन और वहां रहने वाले लोगों पर पड़ता है, जहां से खनिज निकाले जाते हैं. खनन के कारण लोग विस्थापित होते हैं, प्रदूषण झेलते हैं और कई तरह की बीमारियों का सामना करते हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या खनिज निकलने के बाद वह जमीन झारखंड की नहीं रह जाती? क्या उस जमीन पर रहने वाले लोग झारखंड के नागरिक नहीं रह जाते? उन्होंने कहा कि झारखंड से निकलने वाले कोयले ने देश के बिजलीघरों को ऊर्जा दी है, जबकि लौह अयस्क ने देश के इस्पात उद्योग को मजबूती प्रदान की है. इसके बावजूद राज्य को अपने योगदान के अनुपात में क्या मिला, यह विचारणीय विषय है.
कल्पना सोरेन ने दावा किया कि MMDR संशोधन के कारण झारखंड को हर साल करीब 15 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है. उन्होंने केंद्र सरकार से यह भी पूछा कि संशोधन लागू करने से पहले क्या झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ सहित अन्य खनिज उत्पादक राज्यों के संभावित राजस्व नुकसान का कोई अध्ययन कराया गया था?
कल्पना सोरेन ने कहा कि तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद झारखंड सरकार अपनी जनता के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. राज्य में अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन योजनाओं के माध्यम से गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंदों तक सरकारी सहायता पहुंचाई जा रही है. ऐसे में राज्य के राजस्व संसाधनों को सीमित करने का सीधा असर विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है.
अपने संबोधन के अंत में कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड भारत का अभिन्न हिस्सा है. दिल्ली से राजनीतिक असहमतियां हो सकती हैं. जब बात झारखंड के अधिकारों और सम्मान की हो, तो विधानसभा में सभी की आवाज एक होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करना सीखा है. इसलिए राज्य के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए



