झज्जर, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झज्जर जिला में संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाभर में सामूहिक संविधान (उद्देशिका) प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम आयोजित किए गए। लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में डीसी वर्षा खांगवाल की अगुवाई में जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने संविधान की (उद्देशिका) प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान में निहित आदर्शों और मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट सहित जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व का अधिकार एवं भाव प्रदान करता है। संविधान दिवस हमें संविधान निर्माताओं के दूरदर्शी विचारों, उनके योगदान और संविधान में निहित मूल आदर्शों को याद करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
संविधान के मूल सिद्धांत केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारे सामाजिक जीवन में भी हों प्रतिबिंबित डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि संविधान के मूल सिद्धांत केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारे व्यवहार, कार्यशैली और सामाजिक जीवन में भी प्रतिबिंबित होने चाहिए। न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्य समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। सभी अधिकारी व कर्मचारी इन मूल्यों को आत्मसात कर जनसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा से योगदान दें और आमजन को भी संविधान के प्रति जागरूक करने में भूमिका निभाएं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान संविधान की (उद्देशिका) प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
बॉक्स : जिला के उपमंडलों और संस्थानों में भी गूंजा संविधान का संदेश
जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल बेरी में एसडीएम रेणुका नांदल और बादली में एसडीएम विशाल कुमार और बहादुरगढ़ लघु सचिवालय परिसर में तहसीलदार सुदेश मेहरा के नेतृत्व में सामूहिक प्रस्तावना कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा जिला के विभिन्न सरकारी विभागों, महाविद्यालयों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भी संविधान दिवस पर सामूहिक प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक सिद्धांतों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।



