मानपुर। मानपुर स्थित सावित्री पैलेस में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 140वां एपिसोड भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में वजीरगंज विधायक वीरेंद्र सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य एवं भाजपा नेता मनोज कुमार ने विधायक को विष्णु चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। विधायक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात कर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। मन की बात में प्रधानमंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को गंभीर चुनौती बताते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण पर जोर दिया।
भाजपा नेता बालाजी एवं मनोज कुमार ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशे की लत युवाओं के भविष्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। इसके लिए प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। सभी कार्यकर्ताओं ने नशामुक्त युवा अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर दुखन पटवा, राखी सेठ, विक्की साहनी, बिनेश राव, बंटी कुमार, दिलीप कुमार, गौरव, सुमित, मणिकांत, रवि कुमार, मिथुन, अरविंद और कारू मांझी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




