पीसीएस अभ्यर्थियों को मिले न्याय, जल्द दोबारा हो परीक्षा, आशुतोष सिन्हा ने महामहिम राज्यपाल से की हस्तक्षेप की मांग
(संतोष कुमार सिंह)
वाराणसी :- पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त किए जाने के मामले में 28 नवम्बर 2026 शनिवार को विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल महोदया को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की जवाबदेही तय करने तथा परीक्षा पुनः आयोजित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रक्रियागत त्रुटियों एवं आरक्षण-मेरिट संबंधी विवाद के कारण लाखों प्रतियोगी अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों ने वर्षों तक कठिन परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी की लेकिन आयोग की गलतियों का खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा पीसीएस -2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त किए जाने एवं परीक्षा पुनः आयोजित करने के निर्देश के बाद अभ्यर्थियों में गहरी चिंता है।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि परीक्षा जल्द से जल्द पुनः आयोजित कराई जाए, नया परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए, प्रभावित अभ्यर्थियों को आयु सीमा एवं परीक्षा के अवसरों में राहत दी जाए तथा इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
आशुतोष सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार एवं आयोग की लापरवाही का दंड मेहनती अभ्यर्थियों को नहीं मिलना चाहिए। युवाओं को न्याय दिलाना और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध बनाना सरकार की जिम्मेदारी है उन्होंने महामहिम राज्यपाल महोदया से इस मामले में हस्तक्षेप कर प्रदेश सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल में हारून अंसारी, राहुल सिंह यादव, राहुल गुप्ता, ईशान श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम, राहुल कनोजिया, सतीश यादव, साहिल खान, फिरोज अहमद, अजय चौरसिया, दिलशाद अहमद, ज़ीशान अंसारी, आनन्द पाण्डेय, सागर यादव, राजबली विश्वकर्मा, मनोज यादव, रवि सेठ, अयाज़, सत्यम यादव, रत्न सिसौदिया, वीरेंद्र यादव एवं राकेश यादव सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं के हित में तत्काल न्याय सुनिश्चित करने तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही कायम करने की मांग की।




