झज्जर, 28 नवंबर। जिला में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा ग्रैप-1 और ग्रैप-2 के तहत जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जा रही है। प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सम्बंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलावासियों से भी पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। डीसी ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। लोग अपने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) को अपडेट रखें, रेड लाइट पर वाहन का इंजन बंद करें तथा वाहनों का नियमित रखरखाव करवाएं। इसके अलावा खुले में कूड़ा-कचरा और बायोमास न जलाएं तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की छोटी-छोटी सावधानियां भी वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर सख्ती डीसी वर्षा खांगवाल ने स्पष्ट किया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशानुसार ग्रैप के तहत प्रतिबंधित निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर सख्ती से रोक रहेगी। धूल उत्पन्न करने वाली तोड़फोड़ गतिविधियों और खुले में निर्माण कार्यों पर लागू प्रतिबंधों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित की जाए। निर्धारित छूट के दायरे में आने वाली गतिविधियों को छोड़कर प्रतिबंधित कार्य किसी भी स्थिति में नहीं होने चाहिए। संबंधित विभाग अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें। प्रतिबंधों की पालना के लिए पर्याप्त कर्मचारियों और मशीनरी की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए। औद्योगिक इकाइयों और प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई डीसी वर्षा खांगवाल ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, बहादुरगढ़ को औद्योगिक इकाइयों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले उत्सर्जन, वाहनों के धुएं, सड़कों पर उड़ने वाली धूल तथा खुले में कूड़ा-कचरा और बायोमास जलाने की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए। प्रदूषण नियंत्रण संबंधी मानकों का उल्लंघन करने वाली औद्योगिक इकाइयों और व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। एंटी स्मॉग गन और पानी के छिड़काव से नियंत्रित होगी धूल डीसी ने बताया कि सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग और संबंधित एजेंसियों द्वारा एंटी स्मॉग गन तथा पानी के टैंकरों के माध्यम से नियमित छिड़काव करवाया जा रहा है। झज्जर, बहादुरगढ़ और बेरी शहरों में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि धूल के कण वातावरण में न फैलें। इसके साथ ही निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के निर्धारित उपाय अपनाने और खुले में निर्माण सामग्री रखने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने अधिकारियों को खुले में कूड़ा-कचरा और फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित उपायों की नियमित निगरानी करें, ताकि जिले में स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।




