झज्जर, 27 नवंबर। झज्जर जिला मुख्यालय पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की श्रृंखला में एक बार फिर कर्म, भक्ति और ज्ञान का संगम 18 से 20 दिसम्बर तक जिला स्तरीय गीता महोत्सव में नजर आएगा। झज्जर शहर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में 18 से 20 दिसंबर 2026 तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू हो गई हैं जिसमें जिला की धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। डीसी वर्षा खांगवाल ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और महोत्सव को गरिमामयी ढंग से मनाने की रूपरेखा तैयार की गई। डीसी ने कहा कि गीता महोत्सव के सफल आयोजन के लिए समर्पण भाव से जिला प्रशासन टीम भावना से कार्य करेगा। झज्जर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गीता महोत्सव के सफल आयोजन के लिए एडीसी ओवर ऑल इंचार्ज रहेंगे। वहीं महोत्सव के लिए एसडीएम झज्जर नोडल अधिकारी रहेंगे।
तीन दिवसीय गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों व सामाजिक संगठन लगाएंगे प्रदर्शनी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि गीता महोत्सव प्रेरणादायी होने के साथ-साथ भव्य और आकर्षक भी होगा। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक चलने वाले गीता महोत्सव के दौरान तीनों दिन विभिन्न विभागों व सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। तीनों दिन गीता पुरम के रूप में सजे स्थल के मंच से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों के अलावा स्थानीय लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
गीता पूजन, हवन, सेमिनार के साथ होगा भव्य आयोजन
डीसी ने कहा कि गीता महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही तीन दिन के दौरान गीता पूजन हवन, सेमिनार का आयोजन होगा, जिसमें वक्ता गीता के महत्व पर अपने व्याख्यान देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्कूली बच्चों द्वारा गीता का श्लोकोच्चारण व गीता पाठ किया जाएगा। इसके अलावा महोत्सव के अंतिम दिन नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें गीता पर आधारित झांकियां शामिल होंगी। नगर शोभा यात्रा में धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं भी गीता पर आधारित अपनी झांकी शामिल करेंगी। उन्होंने शहर की सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से गीता महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भगवान श्रीकृष्ण लीला और गीता पर आधारित होंगे।
शिक्षण संस्थान भी बनेंगे इस पुनीत अभियान का हिस्सा
डीसी ने बताया कि गीता महोत्सव के दौरान झज्जर जिलावासी एक साथ ग्लोबल श्लोकोच्चारण में भागीदार बनेंगे। उन्होंने बताया कि गीता महोत्सव के दौरान महोत्सव स्थल पर जहां हजारों विद्यार्थी श्लोकोच्चारण करते हुए गीता महोत्सव को गरिमामयी ढंग से मनाने में सहभागी बनेंगे वहीं जिला के सभी शिक्षण संस्थान से हर वर्ग इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनेंगे। डीसी ने आमजन से अपील की कि सभी जिलावासी तीन दिवसीय गीता महोत्सव में अधिक से अधिक भागीदारी करना सुनिश्चित करें।
यह रहे मौजूद :
बैठक में एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीईओ रतींद्र सिंह, डीएफएससी आदित्य कौशिक, डीडीपीओ निशा तंवर, निपुण नोडल अधिकारी डॉ सुदर्शन पुनिया, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




