खूंटी : महान संत, शिक्षाविद् और मानवता के पुजारी साधु टी. एल. वासवानी की जयंती के उपलक्ष्य में विश्व विद्या मार्ग नवयुग पत्रकार महासंघ के बैनर तले विश्व मांसाहार रहित दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को शाकाहार अपनाने और जीवों के प्रति दया का संदेश दिया। विश्व विद्या मार्ग नवयुग पत्रकार महासंघ के अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार घोष ने कहा कि साधु वासवानी जी का जन्म 25 नवंबर 1879 को हैदराबाद (सिंध) में हुआ था। वे जीवन भर अहिंसा, प्रेम और करुणा के पुजारी रहे। उनका मानना था – “सभी जीवों में एक ही ईश्वर बसता है, इसलिए किसी जीव को मारकर खाना पाप है।”
सामाजिक कार्यकर्ता ध्रुवेन्द्र भास्कर ने कहा कि साधु वासवानी जी की स्मृति में हर साल दुनिया भर में विश्व मांसाहार रहित दिवस (World Meatless Day) मनाया जाता है। अखिल भारतीय सांस्कृतिक विकास महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष तपन घोष ने
कहा कि “मांसाहार से न सिर्फ जीवों की हत्या होती है, बल्कि हमारा स्वास्थ्य और पर्यावरण भी खराब होता है। शाकाहार ही शुद्ध, सात्विक और स्वस्थ जीवन की कुंजी है।”
शिक्षाविद् सुधांशु दत्ता, तुलसी प्रजापति, जितेन्द्र पांडे, किशोर ठाकुर सहित अन्य सभी ने शाकाहारी जीवन को सर्वश्रेष्ठ बताया।



