झज्जर, 13 नवम्बर। जिला से संबंधित प्रगति व पीएमजी मामलों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में प्रगति मामलों में झज्जर प्रशासन द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारी पर संतोष जताया गया और कहा कि बिजली, पानी सहित अन्य जनहितकारी प्रोजेक्ट्स को लेकर प्रशासन सजग है। बैठक में संबंधित मामलों की वर्तमान स्थिति, अब तक की गई कार्रवाई तथा इनके समाधान की दिशा में हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा भी की गई।
डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रगति एवं पीएमजी से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और इसकी नियमित मोनिटरिंग भी की जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े मामलों के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
विभागों में आपसी समन्वय पर जोर
डीसी ने कहा कि जिन मामलों के समाधान में एक से अधिक विभागों अथवा एजेंसियों की भूमिका है, उनमें आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करें और प्रगति की अद्यतन स्थिति से उच्च अधिकारियों को अवगत करवाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लंबित मामले के समाधान के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाए। साथ ही, जिन मामलों में किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, पावर ग्रिड से डिप्टी मैनेजर वीरेंद्र सिंह, निरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


