प्रयागराज, 26 नवंबर 2026। सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की ब्रिगेड संख्या-1 एवं ब्रिगेड संख्या-2 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सत्र 2025–26) का मडगांव, गोवा में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक आयोजन हुआ। 20 से 23 नवंबर 2026 तक चले इस शिविर में अधिकारियों एवं सदस्यों सहित कुल 56 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की।
शिविर के अंतिम दिन अनुशासित परेड, प्रार्थना, समापन समारोह, ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन समारोह में श्री सुरेंद्र नाथ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) एवं उपायुक्त, सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज; डॉ. आशीष अग्रवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं डिवीजनल कमांडर (मेडिकल); डॉ. परवेज अहमद, सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (ACMS) एवं मुख्य अतिथि; श्री मुकेश कुमार कुलश्रेष्ठ, सेवानिवृत्त कोर कमांडर (प्रशासन); श्री दिनेश कुमार, सेवानिवृत्त डिवीजन कमांडर (प्रशासन) तथा श्री ए.के. आर्य, सेवानिवृत्त एम्बुलेंस अधिकारी सहित अन्य चिकित्सक, अधिकारी एवं ब्रिगेड पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने मानव सेवा में सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की भूमिका और आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डाला। सदस्यों की बढ़ती संख्या और सेवा कार्यों को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में तीसरी ब्रिगेड के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि अधिक से अधिक रेलकर्मियों को प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा सके।
चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन सुबह परेड और प्रार्थना के बाद विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री सतपाल सिंह के मार्गदर्शन में सैद्धांतिक व व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा (First Aid), CPR, फ्रैक्चर ड्रिल, रक्तस्राव नियंत्रण, घायलों के सुरक्षित स्थानांतरण और भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
अंतिम दिन आयोजित क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ सदस्यों—श्री संदीप कुमार केसरवानी, श्री विजय कुमार, श्री विमलेश कुमार पटेल, श्री अमित कुमार शुक्ला, श्री विनोद कुमार यादव, श्री सौरभ पटेल वर्मा, श्री शिवा और श्री प्रमोद कुमार पटेल—को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, शारीरिक सहनशक्ति, नेतृत्व और टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध दूधसागर जलप्रपात की साहसिक ट्रेकिंग भी कराई गई।
आयोजन को सफल बनाने में मंडल सचिव श्री आलोक कुमार वर्मा, सार्जेंट श्री विजय प्रकाश, कॉरपोरल श्री अमित कुमार मौर्य, श्री मनबोध चौरसिया, श्री ओम प्रकाश, श्री पवन कुमार, प्रशिक्षक श्री सतपाल सिंह, श्री अमित शुक्ला, श्री महेश कुमार, मीडिया प्रभारी श्री संदीप कुमार केसरवानी, उप मीडिया प्रभारी प्रमोद कुमार सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। शिविर के माध्यम से अर्जित प्रशिक्षण भविष्य में रेल यात्रियों, रेलकर्मियों और नागरिकों को आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करने में सहायक होगा।



