मनोरंजन शासमल, स्टेट हेड ओडिशा
भुवनेश्वर: राजधानी भुवनेश्वर की सड़कों पर बने गड्ढे लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। इन गड्ढों के चलते सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक रैपिडो चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं, मंगलवार को जनपथ पर आम बस की टक्कर से एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के पति का आरोप है कि सड़क पर बने गड्ढे को देखकर बाइक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके कारण पीछे से आ रही आम बस ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना के बाद राजधानी की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आम बस नंबर-36 भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से कटक के मुंडुली के बीच चलती है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे श्रीया चौक पर यह दुर्घटना हुई। आम बस मास्टरकैंटीन चौक से राम मंदिर की ओर जा रही थी। उसी दौरान बस के आगे एक बुलेट बाइक पर पति-पत्नी सवार होकर जा रहे थे। श्रीया टॉकीज ट्रैफिक पोस्ट के सामने सड़क पर बने लंबे गड्ढे को देखकर बाइक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही आम बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गर्भवती महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद श्रीया चौक पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर खारबेल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को कैपिटल अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनपथ जैसी व्यस्त सड़क पर इस तरह के खतरनाक गड्ढों के लिए भुवनेश्वर स्मार्ट सिटी लिमिटेड जिम्मेदार है। उनका कहना है कि ट्रैफिक पोस्ट पर लगे सिग्नल को बिजली कनेक्शन देने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत ठीक से नहीं की गई और आधे-अधूरे तरीके से सीमेंट-कंक्रीट डालकर काम खत्म कर दिया गया। सिर्फ जनपथ ही नहीं, बल्कि राजधानी के कई अन्य प्रमुख मार्ग भी गड्ढों से भरे हुए हैं। राष्ट्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच देशभर में सड़कों पर बने गड्ढों के कारण हुई दुर्घटनाओं में कुल 9,438 लोगों की मौत हुई। इनमें ओडिशा में पिछले पांच वर्षों के दौरान 425 लोगों की जान गई है। इन आंकड़ों के बावजूद राजधानी सहित राज्य के कई शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति में सुधार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से लेकर अन्य संबंधित एजेंसियों की लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। इधर, ओमफेड चौक पर रैपिडो चालक शेषदेव स्वाईं की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के परिजनों ने सड़क पर गड्ढा खोदने वाली गैस वितरण कंपनी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। राजधानी की सड़कों पर लगातार हो रहे हादसों ने सड़क निर्माण, मरम्मत और रखरखाव करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



