लेखक: डॉ. विजय गर्ग, सेवानिवृत्त प्राचार्य
किसी भी परिवार की तरक्की का रास्ता शिक्षा, मेहनत और अच्छे संस्कारों से होकर गुजरता है, न कि शराब और नशे से। जिस घर में बोतल का ढक्कन बच्चों की किताबों से पहले खुलता है, वहां समझ लेना चाहिए कि गरीबी केवल जेब में नहीं, बल्कि सोच में भी घर कर चुकी है। विडंबना यह है कि कुछ लोग दिनभर महंगाई का रोना रोते हैं, बच्चों की फीस और दूध-सब्जी के दाम देखकर परेशान होते हैं, लेकिन शाम होते ही शराब के ठेके पर नियमित रूप से पहुंच जाते हैं। वहां न महंगाई याद आती है, न घर का बजट और न बच्चों की जरूरतें।
महंगाई की दुहाई देने वालों का भी अपना अलग अर्थशास्त्र है। बीमार पत्नी की दवाई खरीदते समय पैसे कम पड़ जाते हैं, बच्चों के लिए फल खरीदना महंगा लगता है और स्कूल की फीस जमा करने के लिए उधार मांगना पड़ता है। लेकिन शराब खरीदने के लिए न बजट की चिंता होती है और न उधार लेने में संकोच। ऐसा लगता है जैसे शिक्षा और स्वास्थ्य जरूरतें नहीं, बल्कि शराब जीवन की अनिवार्यता बन गई हो।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि कुछ माता-पिता स्वयं नशे की गिरफ्त में होते हैं, लेकिन बच्चों को संस्कारों का पाठ पढ़ाते हैं। वे कहते हैं, “बेटा, गलत संगत से दूर रहना, सिगरेट और शराब को हाथ मत लगाना।” बच्चा मन ही मन सोचता होगा कि जब घर में ही नशे का उदाहरण मौजूद है, तो वह अच्छी आदतें कहां से सीखेगा? बच्चे उपदेशों से अधिक अपने माता-पिता के व्यवहार से सीखते हैं।
नशे का सबसे बुरा प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य पर नहीं पड़ता, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित होती है। घर में तनाव बढ़ता है, बच्चों की शिक्षा बाधित होती है, महिलाओं को मानसिक और आर्थिक परेशानियां झेलनी पड़ती हैं और परिवार का भविष्य असुरक्षित हो जाता है। कई बार बच्चों के मन में हीनभावना और असुरक्षा भी पैदा होती है।
बच्चों की शिक्षा पर लगाया गया पैसा आने वाली पीढ़ियों की दिशा बदल सकता है, जबकि नशे में खर्च किया गया पैसा परिवार को कर्ज, बीमारी और परेशानियों के चक्र में धकेल सकता है। नशे की लत को केवल व्यक्तिगत कमजोरी मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके लिए जागरूकता, पारिवारिक सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय उपचार आवश्यक हैं।
काश! हर घर में बच्चों की किताबों को शराब की बोतलों से अधिक महत्व मिलने लगे। माता-पिता समझें कि उनकी जिम्मेदारी केवल बच्चों का पालन-पोषण करना नहीं, बल्कि उनके सामने एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करना भी है।
याद रखिए, पीढ़ियां पढ़ाई से आगे बढ़ती हैं, पैग से नहीं। जिस घर में बोतल की कीमत बच्चे की किताब से अधिक हो जाती है, वहां केवल पैसा नहीं, बल्कि आने वाला भविष्य भी दांव पर लग जाता है।



