नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। दिल्ली सरकार के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल एवं PWD विभाग में कार्यरत ठेका कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने के विरोध में आज भारतीय मजदूर संघ, दिल्ली प्रदेश के नेतृत्व में गुरु तेग बहादुर अस्पताल के PWD गेट पर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय मजदूर संघ, दिल्ली प्रदेश के महामंत्री डॉ. दीपेंद्र चाहर, दिल्ली परिवहन मजदूर संघ के महामंत्री भानु भास्कर, जल बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र कसाना तथा बिजली विभाग के महामंत्री चंद्रकेतु मिश्रा सहित भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ के उप महामंत्री संजय पंडित अन्य श्रमिक प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं एवं उनके अधिकारों को लेकर जोरदार तरीके से आवाज उठाई गई। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर दिल्ली सरकार के विधायक श्री जितेंद्र महाजन जी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया।
बातचीत के दौरान PWD विभाग के अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान एक सप्ताह अर्थात सात दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिया गया।
भारतीय मजदूर संघ की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
1. नौकरी से निकाले गए सभी 32 ठेका कर्मचारियों को तत्काल वापस नौकरी पर बहाल किया जाए।
2. सभी कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन पर्ची (Salary Slip) उपलब्ध कराई जाए।
3. सभी पात्र कर्मचारियों को ESI की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
4. कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस का भुगतान किया जाए।
5. कर्मचारियों का पिछला लंबित वेतन एवं अन्य बकाया राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।
भारतीय मजदूर संघ ने स्पष्ट किया कि ठेका कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की रोजी-रोटी और उनके अधिकारों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है।
संगठन ने PWD विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए गए सात दिनों के आश्वासन का संज्ञान लेते हुए उम्मीद जताई कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी समस्याओं का सकारात्मक समाधान किया जाएगा।
भारतीय मजदूर संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो संगठन कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगा।



