कार्तिक कुमार परिच्छा, स्टेट हेड झारखंड
रांची, रांची नगर निगम ने शहर में नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. निगम ने 45 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर संचालन बंद करने और सभी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.
रांची नगर निगम के अनुसार, संस्थानों के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का एनओसी और स्वीकृत भवन प्लान सहित अन्य दस्तावेज अनिवार्य हैं. झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत इन प्रावधानों का पालन करना जरूरी है.
निगम ने इससे पहले 10 संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी किया था. इसके बावजूद आवश्यक दस्तावेज नहीं देने और जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर इन संस्थानों का संचालन बंद करा दिया गया है. इनमें लक्ष्य डिफेंस एकेडमी, आरसी फिजिकल एकेडमी, कमांडो फिजिकल एकेडमी, किरण एकेडमी, जीएस नेक्सस, द लर्नर हब, भाभा करियर इंस्टीट्यूट और अयान्श द सिविल सर्विसेज सहित अन्य संस्थान शामिल हैं
अब जिन 45 संस्थानों को अंतिम नोटिस दिया गया है, उनमें लालपुर के हरिओम टावर और ली डिजायर कॉम्प्लेक्स स्थित कई कोचिंग संस्थान शामिल हैं. इसके अलावा ईस्ट जेल रोड, सर्कुलर रोड और थड़पखना इलाके के हॉस्टल, लॉज, लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थानों को भी नोटिस दिया गया है. नोटिस पाने वालों में फिटजी, न्यूटन ट्यूटोरियल्स, करियर प्वाइंट, विजन आईएएस, विनय आईएएस एकेडमी, पॉडार कॉमर्स एकेडमी, उड़ान आईएएस एकेडमी, द लर्नर्स हब, आरसी डिफेंस एकेडमी और योद्धा डिफेंस एकेडमी सहित 45 संस्थान शामिल हैं.
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत भवन प्लान में निर्धारित उपयोग के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सीलिंग के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.



