मधुमेह, शुगर या डायबिटिज या व्यापक रूप में प्रमेह। मधुमेह, आज के समय में दुनिया भर में सबसे तेजी से फैलने वाली गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों में से एक है। यह तब होता है जब शरीर में पर्याप्त इंसुलिन का उत्पादन नहीं होता या शरीर उत्पादित इंसुलिन का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पाता, जिससे रक्त में शुगर यानि ग्लूकोज का स्तर बढ़ जाता है। इस गंभीर बीमारी के प्रति विश्व स्तर पर मधुमेह के प्रति जागरूकता के लिए 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है।
विश्व मधुमेह दिवस का महत्व
विश्व मधुमेह दिवस का महत्व केवल जागरूकता बढ़ाने तक ही सीमित नहीं है। यह लोगों को लक्षणों को पहचानने, जोखिम कारकों को समझने और संभावित गंभीर जटिलताओं से पहले चिकित्सा सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
विश्व मधुमेह दिवस हर साल 14 नवंबर को मनाया जाता है, जो सर फ्रेडरिक बैंटिंग के जन्मदिन का प्रतीक भी है जिन्होंने वर्ष 1921 में चार्ल्स बेस्ट के साथ मिलकर इंसुलिन की खोज की थी। अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह महासंघ और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने विश्व भर में मधुमेह को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर 1991 में इस दिवस की स्थापना की थी। वर्ष 2006 में संयुक्त राष्ट्र ने आधिकारिक तौर पर विश्व मधुमेह दिवस को मान्यता दी। इस वर्ष 14 नवंबर को मनाया जाने वाला विश्व मधुमेह दिवस 2026 विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाता है। इस वर्ष का यह दिवस ‘मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई’ विषय पर केंद्रित है। इस थीम का महत्वपूर्ण संदेश है कि हम जितनी जल्दी जोखिमों को पहचानेंगे और उचित कदम उठाएंगे, दीर्घकालिक स्वास्थ्य की रक्षा करने की हमारी संभावनाएं उतनी ही बेहतर होंगी।
भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर
मधुमेह की गंभीरता का अंदाजा इस बार चलाया जा सकता है कि समूचे विश्व में चीन पहले स्थान पर है, जहाँ लगभग 148 मिलियन वयस्क मधुमेह से पीड़ित हैं। भारत इस सूची में दूसरे स्थान पर है, जहां लगभग 9 करोड़ लोग इस बीमारी के साथ जी रहे हैं। इसके बाद अमेरिका, पाकिस्तान और इंडोनेशिया जैसे देशों का स्थान आता है। आबादी के प्रतिशत के हिसाब से पाकिस्तान दुनिया में पहले स्थान पर है, जहाँ वयस्कों में मधुमेह की व्यापकता दर सबसे अधिक लगभग 31 प्रतिशत है। इसके बाद मार्शल द्वीप समूह, कुवैत और समोआ जैसे देशों का स्थान आता है। टाइप एक मधुमेह बचपन या किशोरावस्था में होता है, जिसमें शरीर इंसुलिन का उत्पादन बिल्कुल बंद कर देता है। वहीं, टाइप 2 मधुमेह वयस्कों में अधिक आम है।
कारण और जटिलताएं
मधुमेह के कारणों पर गौर करें तो, यह मुख्य रूप से खराब जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, शारीरिक सक्रियता की कमी और मोटापे के कारण होता है। मधुमेह कोई लाइलाज या घबराने वाली बीमारी नहीं है, बशर्ते इसे समय रहते पहचान लिया जाए, तो समय रहते इसका नियंत्रण एवं उपचार संभव है।
मधुमेह के खतरे और जटिलताओं के बारे में वरिष्ठ विशेषज्ञ बताते हैं कि अनियंत्रित मधुमेह शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे दिल का दौरा, स्ट्रोक, आंखों की रोशनी जाना, किडनी फेलियर और नसों को नुकसान जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मधुमेह के नियंत्रण एवं बचाव के संबंध में चिकित्सकों का कहना है कि नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराएं।
थोड़ी सी जागरूकता, बड़ा बचाव
विश्व मधुमेह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि थोड़ी सी जागरूकता, सही दिनचर्या और समय पर लिया गया कदम हमें और हमारे परिवार को मधुमेह के खतरे से सुरक्षित रख सकता है। सभी आयु वर्ग और समुदायों के लाखों लोगों को प्रभावित करने वाली मधुमेह, निःसंदेह 21वीं सदी की सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के मुताबिक वर्ष 2050 तक मधुमेह रोगियों की संख्या बढ़कर 853 मिलियन होने का अनुमान है। भारत में भी स्थिति कम चिंताजनक नहीं है। दक्षिण-पूर्व एशिया में मधुमेह के 107 मिलियन मामलों में से लगभग 90 मिलियन मामले भारत में हैं, जिससे यह इस क्षेत्र में मधुमेह से पीड़ित लोगों की सबसे अधिक संख्या वाला देश बन गया है। आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में दुनिया भर में हर 9 में से 1 वयस्क मधुमेह से पीड़ित है, जो यह दर्शाता है कि समय पर जांच कितनी आवश्यक है।
लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं।



