राउरकेला। राउरकेला की राजनीति में एक बार फिर पुराने रिश्तों, राजनीतिक संरक्षण और बदलते सियासी समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है। सांसद दिलीप राय को लेकर विधायक शारदा प्रसाद नायक की हालिया टिप्पणी ने ऐसा राजनीतिक माहौल तैयार कर दिया है, जिसमें अब केवल दो नेताओं के बीच बयानबाजी नहीं, बल्कि उनके दशकों पुराने राजनीतिक संबंधों का हिसाब-किताब भी सार्वजनिक बहस का विषय बन गया है।
दिलीप राय के समर्थकों का कहना है कि शारदा नायक को राय के राजनीतिक योगदान और अपने शुरुआती राजनीतिक दौर के संबंधों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वर्ष 1999 से जुड़े राजनीतिक समर्थन और संरक्षण के दावों को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।
चुनावी इतिहास
चुनावी इतिहास इस राजनीतिक रिश्ते के उतार-चढ़ाव की तस्वीर जरूर पेश करता है। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में दिलीप राय ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में शारदा नायक को 10,929 मतों से पराजित किया था। 2019 में राय चुनाव मैदान में नहीं उतरे और नायक पुनः विधायक बने। उस समय राय के मौन समर्थन की चर्चा भी राजनीतिक हलकों में रही थी।
वर्ष 2024 में दोनों फिर आमने-सामने आए। इस बार शारदा नायक ने 64,660 मत प्राप्त कर दिलीप राय को 3,552 मतों से हराया। यह मुकाबला राउरकेला की राजनीति में दोनों नेताओं के प्रभाव और जनसमर्थन की दिलचस्प तस्वीर बनकर सामने आया।
अब भाजपा सरकार के गठन के बाद नायक की राजनीतिक गतिविधियों और भाजपा नेताओं के साथ उनकी निकटता को लेकर भी आलोचनाएं हो रही हैं। वहीं, देसी शराब के मुद्दे पर सरकार को घेरने और दिलीप राय पर टिप्पणी के बाद इन चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है।
सियासत में रिश्ते स्थायी नहीं होते, लेकिन राजनीतिक स्मृतियां इतनी जल्दी मिटती भी नहीं हैं। अब सवाल दोनों नेताओं के समर्थकों से अधिक जनता का है — विकास, रोजगार और राउरकेला के भविष्य के मुद्दों पर उनकी राजनीति क्या जवाब देती है? दोनों नेताओं का पक्ष सामने आना भी इस बहस को निष्पक्ष बनाने के लिए जरूरी है।



