डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह ‘सहज’
घर का कमरा एक गहरे सन्नाटे में डूबा हुआ था। संगमरमर के चमकते फ़र्श पर छनकर आती धूप की लकीरें धीरे-धीरे खिसक रही थीं। बिस्तर के सिरहाने रखी सिरप की शीशी, दवाइयों के पत्ते, स्टील का गिलास और पास पड़ा छोटा-सा स्टूल सब जैसे वक़्त के ठहरे होने की गवाही दे रहे थे।
अहमद बिस्तर पर लेटे हुए थे। शरीर में वह पुरानी फ़ुर्ती अब नहीं बची थी, पर आँखों के भीतर एक पूरी उम्र की फ़िल्म चल रही थी। सामने दीवार पर लगा कैलेंडर, ख़ामोश टँगा टीवी, काँच की अलमारी में सजी किताबें और काग़ज़, और लकड़ी की वे कुर्सियाँ जिन पर कभी बैठकर बातें हुआ करती थीं, चाय के प्याले उठते थे और हँसी-मज़ाक के छींटे पड़ते थे,आज सब अपनी-अपनी जगह स्थिर थीं।
कमरे के कोनों में जैसे बीते हुए बरसों की आहटें जमा थीं। कभी दरवाज़े की चौखट से किसी के आने का भ्रम होता, तो कभी खिड़की से आती हल्की हवा किसी पुराने ज़िक्र को छेड़ जाती। काँच की अलमारी के पीछे रखी किताबें मानो पूछ रही थीं, “कहाँ गए वो दिन, जब हर पन्ने में एक नया ख़्वाब और हर शब्द में एक नई उम्मीद सांस लेती थी?”
मुश्ताक़ की नज़रें छत और दीवारों के बीच भटकती रहीं। उन्हें याद आया वह दौर, जब चलने की रफ़्तार अपनी थी, जब हर सुबह एक नए मक़सद और नई ताक़त के साथ खुलती थी। घर की चहल-पहल, अपनों की मौजूदगी और ज़िंदगी की भागदौड़ सब कुछ अब यादों के धुँधले परदों के पीछे से झाँक रहा था। अपनेदूर चले गए, उनकी कमी इस शांत कमरे में और भी भारी होकर उतरती थी।
अचानक उनकी पलकें भीग आईं। आँखों के कोने से लुढ़की एक बूँद तकिए के पास जा गिरी। भीतर एक सवाल कौंधा “इतनी लंबी उम्र, इतने अनुभव, इतने लिखे हुए शब्द और इतने देखे हुए मौसम… क्या आख़िर में बस यही एक शांत कमरा, दवाइयों की गंध और बीती यादों का बोझ ही ज़िंदगी का हासिल है?”
लेकिन तभी कमरे की उस गहरी ख़ामोशी और आँखों में तैरती नमी के बीच, जैसे ही लगा कि सब कुछ थम गया है, दरवाज़े के पास एक जानी-पहचानी दृढ़ता खड़ी दिखाई दी। हमेशा की तरह एक मज़बूत संबल बनकर सामने थीं। उनकी आँखों में न कोई शिकायत थी, न कोई लाचारी बस एक शांत, अडिग भरोसा था कि ज़िंदगी अभी ख़त्म नहीं हुई है। ये उनकी पत्नी थी, वे आगे बढ़ीं, उन्होंने अहमद को धीरे से सहारा देकर उठाया और उनका हाथ अपने हाथ में थाम लिया। उनकी आवाज़ में एक हल्की-सी डाँट और ढेर सारा अपनापन घुला हुआ था “क्या है ये? ऐसे कब तक बिस्तर से लगे रहेंगे? उठिए, चलिए नीचे!
सीढ़ियों से उतरकर देखिए, आपके लगाए वो पौधे जो बगीचे में खड़े हैं, कब से आपका हाल पूछ रहे हैं। चलिए, उनसे बातें करेंगे, इन्हीं फूलों के संग मुस्कुराएंगे।”
हाथ की उस गर्म पकड़ और आवाज़ की उस दृढ़ता ने जैसे भीतर जमी सारी थकान को पिघला दिया। क़दम-दर-क़दम, सहारे के साथ, वे सीढ़ियों से नीचे उतरे। ऊपर के बंद कमरे की दवाइयों और सन्नाटे की जगह अब ताज़ी हवा, मिट्टी की सौंधी खुशबू और हरी पत्तियों की सरसराहट ने ले ली थी।
खूबसूरत लॉन में खिले फूलों के बीच खड़े अहमद को पत्नी के हाथ का सहारा मिला, तो भीतर की थकान कुछ पल को ठहर गई। उन्होंने एक खिले हुए फूल को छूकर देखा, उसकी पंखुड़ियों में नमी थी, पर वह झुका नहीं था, पूरी शान से खिल रहा था।
पत्नी ने उनके कंधे पर धीरे से हाथ रखा और मुस्कुराते हुए कहा “देखा? ये पौधे भी तो हर मौसम झेलकर फ़िर खिल उठते हैं। बस ऐसे ही साथ रहना है, हर दिन को थोड़ा-थोड़ा जी लेना है।”
अहमद ने एक गहरी साँस ली और खिलते फूलों के बीच खड़े होकर दूर आसमान की ओर देखा। अब उन्हें यह शिकायत नहीं थी कि ज़िंदगी बस एक बंद कमरे या दवाइयों की शीशियों तक सिमट गई है। सामने पत्नी का मज़बूत साया था, लॉन में अपने लगाए पौधे मुस्कुरा रहे थे, सूरज की नरम रोशनी लॉन की हरी घास पर बिखर रही थी। दोनों ने धीरे-धीरे क़दम बढ़ाए एक हाथ में सहारा, दूसरे में यादों की पोटली, और होठों पर एक ऐसी शांत मुस्कान, जिसमें कमी भी थी, गर्व भी और ज़िंदगी को आगे जी लेने का हौसला भी।



