शहनाज़ हुसैन
सर्दियां आ गई हैं। सर्दी का मौसम त्वचा के लिए मुश्किल भरा हो सकता है और एड़ियां भी इससे अछूती नहीं रहतीं। अगर तापमान गिरने के साथ आपकी फटी एड़ियों की समस्या बढ़ती जा रही है, तो आप अकेले नहीं हैं।
फटी एड़ियां, जिन्हें हील फिशर भी कहा जाता है, तब होती हैं जब एड़ियों के किनारों की त्वचा सूखी, मोटी और कम लचीली हो जाती है। एड़ी के किनारे की सूखी, सफेद त्वचा रेखाओं में बदलकर फट सकती है और चलने या खड़े होने पर चुभन देती है।
ठंडी हवा, घरों में हीटर और कम नमी, ये तीनों मिलकर एड़ियों की त्वचा को सूखा और फटा बना देते हैं। जब हीटिंग सिस्टम हवा को और सूखा कर देते हैं, तो त्वचा की प्राकृतिक नमी की परत कमजोर हो जाती है। इसका सबसे ज्यादा असर एड़ियों पर पड़ता है, क्योंकि शरीर के अन्य हिस्सों की तुलना में पैरों में तेल ग्रंथियां कम होती हैं, जिससे वे जल्दी सूखती और फटती हैं।
मुलायम एड़ियां चाहिए? महंगे सैलून पेडीक्योर पर पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं! फुट मास्क, फुट सोक, स्क्रबिंग और मॉइस्चराइजिंग से मृत त्वचा हटाकर पैरों की सुंदरता और कोमलता बढ़ाई जा सकती है। ये हैं हमारे सबसे अच्छे सुझाव:
दही
दही एक प्राकृतिक स्किनकेयर उत्पाद है। इसमें जीवाणुरोधी गुण होते हैं, जो पैरों को मुलायम बनाने में मदद करते हैं। पैरों को 5-10 मिनट गुनगुने पानी में भिगोएं, निकालकर पोंछ लें। फिर टंगे हुए खट्टे दही की मोटी परत लगाकर 30 मिनट छोड़ दें। बाद में सामान्य पानी से धो लें। एसेंशियल ऑयल लगाने के साथ यह उपचार नियमित रूप से करें।
दही आसानी से मिलने वाला सबसे अच्छा प्राकृतिक मॉइस्चराइजर है। खट्टे दही में मौजूद एंजाइम सूखी, सख्त त्वचा की कोशिकाओं को घोलकर त्वचा में समा जाते हैं और एड़ी की सूखी परत को ढीला करते हैं।
कांच के बर्तन में 1 बड़ा चम्मच बेसन और 3 बड़े चम्मच दही मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। इसे पैरों पर लगाकर 30 मिनट सूखने दें। उंगलियों या प्यूमिस स्टोन से हल्के हाथ से रगड़ें और गुनगुने पानी से धो लें। पोंछकर फुट क्रीम लगाएं।
दो बड़े चम्मच बेसन और 1 बड़ा चम्मच दही मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। चाहें तो गुलाबजल भी मिला सकते हैं। इस मिश्रण से पैरों को करीब 10 मिनट स्क्रब करें। फिर गुनगुने पानी में पैर डुबोकर कुछ मिनट बाद धो लें। यह स्क्रब पैरों को मुलायम और कोमल बनाता है।
शहद
शहद को प्राकृतिक एंटीसेप्टिक माना जाता है, जो फटी एड़ियों को भरने में मदद करता है। यह एक अच्छा ह्यूमेक्टेंट भी है, जो त्वचा को नम रखता है और सूखने से बचाता है।
कांच की कटोरी में कपूर की दो टिकिया पीस लें। इसमें एक बड़ा चम्मच शहद मिलाएं। मिश्रण को पैरों पर लगाकर अच्छी तरह रगड़ें और कुछ मिनट छोड़ दें। फिर पैर धो लें। कपूर सूखी त्वचा को आराम देता है और शहद नमी देता है।
कांच के बर्तन में 2 बड़े चम्मच चंदन पाउडर और 1 बड़ा चम्मच शहद मिलाकर बारीक पेस्ट बनाएं। इसे पैरों पर लगाकर 30 मिनट छोड़ दें और गुनगुने पानी से धो लें।
गुनगुने पानी के टब में 1 कप शहद मिलाएं। पैर साफ करके इसमें डुबोएं और 30 मिनट तक हल्की मालिश करें। पैर पोंछकर मॉइस्चराइजर लगाएं। कुछ हफ्तों तक रोज सोने से पहले ऐसा करें।
पेडीक्योर
हम पेडीक्योर को सिर्फ आराम देने वाला अनुभव मानते हैं, लेकिन एक्यूप्रेशर मालिश से थके पैरों को आराम देने की भारतीय अवधारणा इस तथ्य पर आधारित है कि हमारे पैरों में ऐसी महत्वपूर्ण नसें होती हैं जो रीढ़ से लेकर हृदय और पेट तक प्रमुख अंगों के कामकाज को नियंत्रित करती हैं। पैरों का आकार आपकी सेहत के कई संकेत दे सकता है। सूखे या फटे पैर पोषण की कमी का नतीजा भी हो सकते हैं।
पैरों की त्वचा आमतौर पर मोटी और सूखी होती है, इसलिए सुंदर और चमकदार पैरों के लिए नियमित फुट केयर रूटीन अपनाना जरूरी है। ऑर्गेनिक पेडीक्योर में प्राकृतिक तेलों और प्राकृतिक तत्वों वाले उत्पादों का उपयोग होता है। आजकल फुट स्पा भी लोकप्रिय हो गया है, जिसे पेडीक्योर के साथ किया जा सकता है। फुट स्पा में स्क्रबिंग और मालिश शामिल होती है, जो थकान कम करती है, मांसपेशियों को टोन करती है, रक्त संचार बेहतर करती है और आराम देती है।
घर पर पेडीक्योर के लिए आपको नेल ब्रश, प्यूमिस स्टोन या हील स्क्रबर, नेल क्लिपर, एमरी बोर्ड, रुई, कॉटन बड्स, मसाज क्रीम, पॉलिश रिमूवर, नेल पॉलिश और पैर भिगोने के लिए एक छोटा टब चाहिए।
सबसे पहले जरूरत हो तो रुई और रिमूवर से पुरानी नेल पॉलिश हटाएं।
गुनगुने पानी में थोड़ा हर्बल शैम्पू और कोई वनस्पति तेल, जैसे सूरजमुखी या जैतून का तेल मिलाएं। चाहें तो मोटा नमक भी डाल सकते हैं। पैरों को 15 मिनट भिगोएं। फिर ब्रश से नाखून साफ करें, ब्रश ज्यादा सख्त न हो। एड़ियों और तलवों के किनारों पर प्यूमिस स्टोन का इस्तेमाल करें। धातु के स्क्रबर से बचें। पूरे पैर को खुरदुरे तौलिये या लूफा से भी रगड़ सकते हैं। इसके बाद साफ पानी से पैर धोकर तौलिये से सुखा लें।
नाखून काटने हों तो नेल क्लिपर का प्रयोग बेहतर है। पैर के नाखून सीधे काटें। उन्हें आकार देने से बचें, क्योंकि इससे नाखून अंदर की ओर बढ़ सकते हैं। एमरी बोर्ड से किनारे चिकने करें। पैर के नाखूनों की क्यूटिकल न काटें और नाखून साफ करने के लिए नुकीली चीजों का इस्तेमाल न करें। बादाम का तेल लगाकर कॉटन बड से क्यूटिकल को हल्के से पीछे करें।
इसके बाद पैरों को स्क्रब करें। पिसे बादाम में दही और थोड़ी चीनी मिलाकर पैरों पर लगाएं। 15 से 20 मिनट बाद गोलाई में हल्के हाथ से रगड़ें, एड़ियों पर खास ध्यान दें और पानी से धो लें। फिर जैतून या सूरजमुखी के तेल से मालिश करें और अतिरिक्त क्रीम नम तौलिये से पोंछ दें। एक-एक बड़ा चम्मच नींबू रस और शहद को 50 मिली गुलाबजल में मिलाकर पैरों पर लगाएं। आधा घंटा लेटकर आराम करें और सादे पानी से धो लें।
पैरों और नाखूनों पर तेल लगाकर मालिश करें। एड़ियों पर खास ध्यान दें और जरूरत हो तो ज्यादा तेल लगाएं। मालिश उंगलियों से टखनों की ओर ऊपर की दिशा में करें। फिर नम तौलिये से पैर पोंछ लें।
थोड़े नींबू रस में शहद मिलाकर पैरों पर लगाएं और 15 मिनट बाद सादे पानी से धो लें। इससे त्वचा नम और मुलायम होती है।
नेल पॉलिश लगानी हो तो उंगलियों के बीच रुई रखें। नाखून के आधार से सिरे की ओर चौड़े स्ट्रोक में पॉलिश लगाएं। पहला कोट सूखने के बाद दूसरा कोट लगाएं।
लेखिका अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और उन्हें भारत की हर्बल क्वीन कहा जाता है।



