शिक्षा का उद्देश्य स्वतंत्रता और राष्ट्रीय मूल्यों को बढ़ावा देना हो : मुरली मनोहर जोशी
नई दिल्ली: पद्म विभूषण से सम्मानित पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में डॉ. मुरली मनोहर जोशी पुरस्कार 2026 के दूसरे संस्करण के तहत पुरस्कार प्रदान किए। यह समारोह फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स (FWA) के नौवें वार्षिक सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित किया गया। इन पुरस्कारों के माध्यम से उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कला एवं संस्कृति तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों को सम्मानित किया गया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ‘लेजेंडरी टीचर्स अवॉर्ड’ और ‘टीचर्स अवार्ड’ प्रदान किए गए। इन सम्मानों का उद्देश्य शिक्षण, शैक्षणिक नेतृत्व और संस्थान निर्माण में योगदान को पहचान देना है। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. जोशी ने पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी और उनसे शिक्षा तथा समाज सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने भारतीय भाषाओं में विज्ञान लेखन को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं के बीच मौलिक चिंतन को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अपने छात्र जीवन का एक प्रसंग साझा करते हुए डॉ. जोशी ने नोबेल पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिक सी. वी. रमन की प्रयोगशाला का दौरा करने का उल्लेख किया। उन्होंने प्रसिद्ध भौतिक विज्ञानी मेघनाद साहा के कार्यों का उदाहरण देते हुए बताया कि सीमित प्रयोगशाला संसाधनों के बावजूद भारतीय वैज्ञानिकों ने शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की। उन्होंने शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं से भारत की आवश्यकताओं के अनुरूप शोध विषयों को प्राथमिकता देने तथा देश में एकत्रित होने वाले डेटा के विश्लेषण की क्षमता विकसित करने का भी आह्वान किया।
डॉ. जोशी ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को इस तरह तैयार करने की अपील की कि वे अपने करियर के साथ-साथ देश के विकास में भी सार्थक योगदान दे सकें।



