कार्तिक कुमार परिच्छा, स्टेट हेड झारखंड
रांची: झारखंड हाई कोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने मंगलवार को हुई बैठक में कर्नाटक हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाई कोर्ट स्थानांतरित करने की अनुशंसा की ।
कर्नाटक हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस विभु बाखरू का जन्म वर्ष 1966 में महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया में दाखिला लिया और 21 मार्च 1985 को ठाकुर, वैद्यनाथ अय्यर एंड कंपनी में आर्टिकलशिप शुरू की।
उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकाम (आनर्स) की डिग्री हासिल की। इसके बाद वर्ष 1989 में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बने।
वकालत और न्यायाधीश का लंबा अनुभव
उन्होंने वर्ष 1990 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और उसी वर्ष सितंबर में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया।
वकालत के दौरान जस्टिस बाखरू ने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट, कंपनी ला बोर्ड और विभिन्न न्यायाधिकरणों में प्रैक्टिस की।
उनकी कानूनी विशेषज्ञता और अनुभव को देखते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने 28 जुलाई 2011 को उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया।
इसके बाद 17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 18 मार्च 2015 को वे स्थायी न्यायाधीश बने।
उन्होंने पांच दिसंबर 2024 से 21 जनवरी 2025 तक दिल्ली हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
न्यायिक सेवा में आगे बढ़ते हुए जस्टिस विभु बाखरू को कर्नाटक हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्होंने 19 जुलाई 2025 को मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ ली



