देश का भविष्य केवल सरकारों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता – कुमार विजय
(संतोष कुमार सिंह)
वाराणसी : देश के लोकतांत्रिक भविष्य, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और राजनीतिक दिशा को लेकर एक व्यापक राष्ट्रीय नागरिक विमर्श की शुरुआत करते हुए ‘हम भारत के लोग’ ने संविधान दिवस पर ‘लोकमंथन–2027’ का ऐलान किया। आगामी 8, 9 एवं 10 जनवरी को वाराणसी में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन देश के मौजूदा सवालों, चुनौतियों और संभावित राजनीतिक विकल्पों पर विचार-विमर्श का साझा मंच बनेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ‘हम भारत के लोग’ के राष्ट्रीय महासचिव कुमार विजय ने कहा कि देश आज ऐसे दौर से गुजर रहा है जहां लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं, नागरिक अधिकारों, सामाजिक असमानता, बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और राजनीति की दिशा जैसे सवालों पर गंभीर तथा व्यापक संवाद की आवश्यकता है। लोकमंथन इन सवालों को देश के नागरिकों के बीच ले जाने और विभिन्न विचारों को एक साझा मंच प्रदान करने की पहल है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव, सत्ता परिवर्तन और सरकार गठन की प्रक्रिया नहीं है। लोकतंत्र का वास्तविक अर्थ नागरिकों की भागीदारी, सत्ता की जवाबदेही, संस्थाओं की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और प्रत्येक नागरिक की गरिमा की रक्षा है यदि नागरिक देश के महत्वपूर्ण सवालों पर संवाद से दूर हो जाएं, तो लोकतंत्र केवल औपचारिक व्यवस्था बनकर रह जाता है।
संविधान दिवस पर लोकमंथन की घोषणा करते हुए कुमार विजय ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में दर्ज ‘हम भारत के लोग’ केवल शब्द नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र का मूल दर्शन है यह बताता है कि देश की सत्ता और संप्रभुता का वास्तविक स्रोत जनता है तथा भारत का भविष्य उसके नागरिकों की सामूहिक चेतना और भागीदारी से तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान समानता, न्याय, स्वतंत्रता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा की गारंटी देता है। आज जरूरत है कि इन मूल्यों को नागरिकों के जीवन और सामाजिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए।
कुमार विजय ने कहा कि लोकमंथन किसी एक राजनीतिक दल, संगठन अथवा विचारधारा का मंच बनने के बजाय देश के उन तमाम लोगों को जोड़ने का प्रयास है जो भारत को अधिक लोकतांत्रिक, न्यायपूर्ण, समावेशी और संवेदनशील राष्ट्र बनाने की आकांक्षा रखते हैं।
लोकमंथन–2027 के तीन दिवसीय अधिवेशन में भारतीय लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति और चुनौतियों, संवैधानिक राष्ट्रवाद बनाम सांप्रदायिक राष्ट्रवाद, सामाजिक न्याय एवं नागरिक गरिमा, रोजगार और अर्थव्यवस्था, युवा शक्ति, सांस्कृतिक विविधता तथा देश के राजनीतिक भविष्य जैसे मुद्दों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
अधिवेशन के प्रमुख विषयों में ‘भारतीय लोकतंत्र का संकट और समाधान’, ‘संवैधानिक राष्ट्रवाद बनाम सांप्रदायिक राष्ट्रवाद’, ‘सामाजिक न्याय और नागरिक गरिमा’ तथा ‘लोक सरकार एक राजनीतिक विकल्प का स्वरूप’ शामिल हैं।
राजनीतिक विकल्प से जुड़े सवाल पर कुमार विजय ने कहा कि विकल्प का अर्थ केवल किसी सरकार के विरोध में खड़ा होना नहीं है। विकल्प का अर्थ है नीतियों में बदलाव, शासन की नई दृष्टि, राजनीति में जवाबदेही, जनभागीदारी और जनता के जीवन से जुड़े सवालों को प्राथमिकता देना। उन्होंने कहा कि देश को केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, समान अवसर और नागरिक अधिकारों जैसे सवालों पर ठोस बहस की जरूरत है लोकमंथन इन विषयों पर व्यापक संवाद का प्रयास करेगा।
लोकमंथन में भारत के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण से उम्मीद के चार संदेशों को सामने लाने की विशेष परिकल्पना की गई है चार दिशाएं एक भारत, एक संविधान के माध्यम से देश की क्षेत्रीय विविधता, सामाजिक अनुभव, सांस्कृतिक चेतना और भविष्य की आकांक्षाओं को एक साझा राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कुमार विजय ने कहा कि भारत की कल्पना किसी एक भाषा, क्षेत्र, संस्कृति या समुदाय के आधार पर नहीं की जा सकती भारत की शक्ति उसकी विविधता और साझा नागरिकता में है। देश के हर हिस्से की आवाज और हर नागरिक की आकांक्षा को राष्ट्रीय विमर्श में स्थान मिलना चाहिए।
लोकमंथन केवल भाषणों और विचार-विमर्श तक सीमित नहीं रहेगा। अधिवेशन के दौरान देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोकगीत, कविता, संगीत, रंगमंच और सामाजिक चेतना से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही संविधान, लोकतंत्र, समानता, न्याय, स्वतंत्रता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा के मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करने के उद्देश्य से ‘संविधान सम्मान मार्च’ भी निकाला जाएगा।
आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से सामाजिक चिंतकों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, लेखकों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। वक्ताओं की पहली सूची जारी की जा चुकी है और आने वाले दिनों में अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी।
कुमार विजय ने कहा कि लोकमंथन का उद्देश्य किसी एक विचार को थोपना नहीं, बल्कि विचारों के मंथन से बेहतर विचार, बेहतर रास्ते और बेहतर भारत की तलाश करना है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब नागरिक जागरूक होंगे, सवाल पूछेंगे, अपने अधिकारों के प्रति सजग होंगे और देश की दिशा तय करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
‘बहुत हुई चुप्पी, अब आवाज उठाएंगे बदलाव की बात करेंगे, प्रतिरोध के गीत गाएंगे।’ के आह्वान के साथ उन्होंने देशवासियों से लोकमंथन– 2027 में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकमंथन केवल तीन दिनों का राष्ट्रीय अधिवेशन नहीं, बल्कि नागरिक संवाद, लोकतांत्रिक चेतना और बेहतर भारत के निर्माण की साझा पहल है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ संजय सोनकर, डॉ संतोष कुमार, चंद्र मिश्रा, अमर नाथ मौर्या, डॉ रमेश राजभर, नीता मिश्रा, डॉ राहुल यादव, पंकज पति पाठक, चंद्रकांत वर्मा आदि मंच के पदाधिकारी मौजूद रहे। लोकमंथन का आयोजन हम भारत के लोग और साँचिया द्वारा किया जा रहा है रचनात्मक सहयोग बेगर्स कार्पोरेशन के कार्यकर्त्ता करेंगे। आयोजन में सबसे हाशिये के समाज नट एवं मुसहर जातियों के पारंपरिक संगीत, कला और कौशल की भागीदारी भी देखने को मिलेगी।|



